Jammu Kashmir News: नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला के डाकबंगला में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और आर्टिकल 370 को फिर से बहाल करवाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराई. उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 की बहाली कराने तक लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने कश्मीर मसले पर पाकिस्तान की तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह (दिल्ली) आज चुप हैं क्योंकि दुनिया में ज़ोर है. हमारा पड़ोसी (पाकिस्तान) इनके पीछे लगा हुआ है. वह हर जगह पहुंच जाता है कि कश्मीर का फैसला नहीं हुआ है. वह हमें बचा रहा है, नहीं तो इनके इरादे नेक नहीं. इस बयान के बाद फारूख अब्दुल्ला पर तनकीद का पहाड़ टूट पड़ा है.
भारतीय जनता पार्टी के विधायक और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने JKNC प्रमुख फारूक अब्दुल्ला के बयान पर कहा, “डॉ. फारूक अब्दुल्ला को कोई सीरियसली लेता नहीं है और मैं कोई हैरान भी नहीं हूँ. डॉ फारूक अब्दुल्ला के मुख से इस प्रकार की बातें निकलना यह स्वाभाविक है. कल उनकी सच्चाई सामने आई है, जो अंदर उनके दिल में था जो वो बार-बार छुपा रहे थे, वो बाहर निकल आया. क्योंकि अक्सर देखा गया है कि जब-जब नेशनल कॉन्फ्रेंस खात्मे की तरफ जाती है, तब-तब वो पाकिस्तान का राग अलापते हैं. आज उनकी पार्टी लगभग समाप्त हो चुकी है, लोगों ने उनको रिजेक्ट कर दिया है और आज उनको फिर पाकिस्तान याद आया.”
प्रमुख फारूख अब्दुल्ला के बयान पर ऑल इंडिया सूफी सज्जादानशीन काउंसिल के चेयरमैन और अजमेर दरगाह के आध्यात्मिक प्रमुख के उत्तराधिकारी सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने विरोध किया. उन्होंने कहा, “देखिए, फारूक अब्दुल्ला साहब का बयान बेहद गैर-जिम्मेदाराना है. वह एक पढ़े-लिखे और काबिल व्यक्ति हैं. उनसे इस तरह के बयानों की उम्मीद नहीं की जाती है. लेकिन कभी-कभी पाकिस्तान के प्रति उनके मन में जो प्रेम है, वह सार्वजनिक रूप से जाहिर हो ही जाता है.
उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान की वजह से आज कश्मीर का मुद्दा जीवित है और पाकिस्तान ही कश्मीर की मदद करता है. उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि उनके बेटे आज भारत के लोकतंत्र की वजह से ही जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री हैं. आखिर पाकिस्तान कश्मीरियों का समर्थक कैसे हो सकता है? जिस पाकिस्तान ने 1947 से लेकर आज तक कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा दिया है और आतंकवाद को वित्तीय सहायता दी है, वह कश्मीरियों का हितैषी कैसे हो सकता है?”
