Ashwini Vaishnaw On Rahul Gandhi Challenge: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोशल मीडिया और राजनीतिक रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी लगातार ओपन डिबेट के लिए चैलेंज कर रहे हैं. राहुल गांधी ने पिछली वीडियो में डिबेट के फॉर्मेट और विषय का जिक्र भी किया है कि इन विषय पर मीडिया और आम लोगों के सामने चर्चा होगी. वहीं, भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं की तरफ से राहुल गांधी के चैलेंज का मजाक बनाया जा रहा है या उन्हें संसद में डिबेट करने की सलाह दी जा रही है. इसी कड़ी में गुरुवार (5 नवंबर) को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राहुल गांधी के चैलेंज का इंडैरेक्टली जवाब देते हुए कहा कि जो लोग बहस की मांग कर रहे हैं, उन्हें सही मंच यानी संसद में आना चाहिए.
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार (5 नवंब) को लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत राजस्थान के जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के चैलेंज को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि डिबेट की मांग करने वाले को संसद में आना चाहिए. उन्होंने कहा, “संसद में आइए, आप जिस विषय पर चाहें, हम उस पर बहस करेंगे. आइए, बहस करते हैं; हम आपसे डरते नहीं हैं. आप आइए और जिस विषय पर चाहें, उस पर चर्चा कीजिए.”
विपक्षी पार्टियों द्वारा भाजपा पर ईवीएम में गड़बड़ी करके इलेक्शन जीतने के आरोप लगाए जाते हैं. इस आरोप पर अश्विनी वैष्णव ने कहा, “ईवीएम के आने से पहले, किसी को नहीं पता होता था कि शाम 5 बजे के बाद मतपेटियों में क्या भरा जा रहा है. हमने 50 साल विपक्ष में बिताए, लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं ने कभी किसी संस्था पर आरोप नहीं लगाए.” उन्होंने कहा कि जो लोग ईवीएम का विरोध कर रहे हैं, उन्हीं लोगों ने इसे लागू किया था.
