Chawri Bazar Building Collapse: दिल्ली के चांदनी चौक इलाके के चावड़ी बाजार में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिर गया. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति घायल है. इमारत के मलबे में अभी अन्य कई लोगों के फंसे होने की संभावना है. दुर्घटना के बाद मौके पर NDRF की टीम पहुंची और बचाव अभियान शुरू कर दिया. इस हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा सरकार को घेरा.
यह घटना गुरुवार (5 नवंबर) को चांदनी चौक इलाके चावड़ी बजार स्टेशन के पास हुई. इस हादसे में संबंधित निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. NDRF की टीम ने बचाव अभियान के दौरान इमारत के मलबे के भीतर से शव बरामद की है. दिल्ली पुलिस ने इस घटना में दो लोगों की मौत और एक अन्य के घायल होने की पुष्टि की है. अभी घायलों की संख्या और बढ़ सकती है. दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक, उसे अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग का हिस्सा गिरने की जानकारी मिली थी. जानकारी मिलने के बाद फायर विभाग ने मौके पर छह फायर टेंडर भेजे.
इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को घेरने की कोशिश की. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, चावड़ी बाजार/चांदनी चौक में एक और 3 मंजिला इमारत ढह गई. मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है.”
सौरभ ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सेफ्टी ऑडिट के बाद भी इमारतों के गिरने पर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा, “रेखा गुप्ता की सरकार और MCD ने दिल्ली की सभी इमारतों का कई बार सेफ्टी ऑडिट किया है, फिर भी इमारतें ढह रही हैं. ऐसा क्यों? बार-बार सेफ्टी ऑडिट के आदेश दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई करने के बजाय, कई विभागों ने बार-बार रिश्वत ली। यही वजह है कि हर महीने इमारतें ढह रही हैं.”
उन्होंने दिल्ली पुलिस, MCD और फायर डिपार्टमेंट पर निर्माणाधीन इमारतों से रिश्वत लेने का आरोप लगाया. उन्होंने लिखा, “पहले सिर्फ दिल्ली पुलिस और MCD ही रिश्वत लेते थे; लेकिन रेखा गुप्ता की सरकार आने के बाद, फायर डिपार्टमेंट और SDM (जो उनके अधीन रेवेन्यू डिपार्टमेंट का हिस्सा हैं) ने भी इमारतों से रिश्वत लेना शुरू कर दिया है. जो लोग रिश्वत देने से मना करते हैं, MCD उनकी इमारतों को सील कर देती है. इससे पता चलता है कि वे अपनी मर्जी से कार्रवाई करते हैं. हैरानी की बात यह है कि GK2 मार्केट के एक वार्ड में दो जिम सील कर दिए गए, जबकि उसी साउथ ज़ोन में अन्य जिम और कमर्शियल इमारतें अभी भी खुली हुई हैं.”
