Crime branch summons CJP leaders: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के लीडर सौरव दास और आशुतोष रांका को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) ने 21 अक्टूबर को बॉन्ड भरने और कुछ अन्य शर्तों के साथ रिहा कर दिया. तिहाड़ जेल से रिहा होने के एक दिन के अंदर ही दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए गुरुवार, 22 अक्टूबर को बुलाया है. क्राइम ब्रांच ने 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बिना इजाजत निजी रास्ते से प्रवेश करने से जुड़े दो मामलों में बयान दर्ज कराने के लिए CJP के लीडर सौरव दास और आशुतोष रांका को राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में 22 अक्टूबर करीबर 12 बजे बुलाया है. साथ ही CJP के सदस्य अजिंक्य शिंदे को भी पूछताछ के लिए समन भेजा गया है.
दोनों नेता तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में थे. दोनों नेताओं को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) ने 50,000 रुपये के पर्सनल बॉन्ड और इतनी ही राशि की ज़मानत पर रिहा करने का आदेश दिया. साथ ही, उन्हें शांति बनाए रखने के लिए लिखित वचन भी देना पड़ा. वे इस बात पर भी सहमत हुए कि जब तक जंतर-मंतर ‘डीनोटिफाइड’ (प्रतिबंधित) है, तब तक वे वहां किसी विरोध प्रदर्शन का आह्वान नहीं करेंगे, और भविष्य में होने वाले विरोध प्रदर्शनों को संवैधानिक दायरे के भीतर ही रखेंगे.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के लीडर सौरव दास, आशुतोष रांका और उनके दीगर समर्थकों ने बीते 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बिना पुलिस की इजाजत के निजी रास्ते से घुसकर तिरंगा लहराया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. पुलिस ने अगले दिन सौरव दास और आशुतोष रांका को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) के सामने पेश किया और न्यायिक हिरासत की मांग की, जिसके बाद दोनों नेताओं को 6 दिन के लिए दिल्ली पुलिस की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस बीते 21 अक्टूबर को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) से सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत तीन दिन और बढ़ाने की मांग की थी. हालांकि SEM ने दिल्ली पुलिस की उस अर्जी को खारिज कर दिया और दोनों नेताओं को पर्सनल बॉन्ड और कुछ अन्य शर्तों के साथ रिहा कर दिया. गौरतलब है कि देश के विपक्षी दल, कई छात्र संगठन और कॉकरोच जनता पार्टी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं.
