Jordan Airstrikes: जॉर्डन में पिछले शुक्रवार (23 अक्टूबर) को चर्च पर हुए हमले के बाद जॉर्डन की वायु सेना ने सीरिया में दारा और सुवैदा प्रांतों के चार जगहों पर हमले किए हैं. जॉर्डन की वायु सेना ने ये हमले बीते सोमवार (26 अक्टूबर) को किए, जिसमें जॉर्डन के मुताबिक 9 लोगों की मौत हुई और दर्जनों अन्य घायल हुए. वहीं, सीरिया ने कहा कि इस हमले में सात लोगों के शव बरामद किए गए हैं. बरामद किए गए शवों में तीन बच्चे और एक महिला, एक 80 साल के बुजुर्ग और दो अन्य पुरुष के शव हैं.
जॉर्डन ने दावा किया कि ये हमले सीरिया सरकार के साथ समन्वय करके किए गए थे. वहीं, सीरिया ने इस दावे को खारिज कर दिया है और बताया कि हमले से पहले कोई समन्वय नहीं किया गया था. सीरिया ने इन हमलों को लेकर नाराजगी जाहिर की है और सीरिया के सीमा प्राधिकरण ने नसीब क्रॉसिंग को बंद कर दिया, जिससे दोनों तरफ का आवागमन रुक गया. सीरिया के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को “विश्वासघाती हमला” बताया है.
बता दें कि शुक्रवार (23 अक्टूबर) को जॉर्डन के करक इलाके में स्थित एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर बंदूकधारियों ने हमला कर दिया. हमले के वक्त चर्च में ईसाई समुदाय के लोग एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए इकट्ठा हुए थे. इस हमले में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और लगभग 40 अन्य लोग घायल हुए. इस हमले के बाद जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल-हुसैन घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे. साथ ही उन्होंने इस हमले का कड़ा जवाब देने का आश्वासन दिया. वहीं, जॉर्डन की सुरक्षा बलों ने एक अभियान चलाकर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया. तीनों जॉर्डन के नागरिक बताए गए हैं.
इस गिरफ्तारी के बाद जॉर्डन ने सीरिया में चार जगहों पर हमला किया. जॉर्डन का दावा है कि उसकी वायु सेना ने सीरिया में उन समूह के ठिकानों पर हमले किए हैं, जिसका संबंध चर्च पर हमले से था. जॉर्डन की कुल 1.15 करोड़ (11.5 मिलियन) की आबादी में ईसाइयों की संख्या लगभग 3 लाख (300,000) है.
