Rakesh Handu Arrest: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से एक कश्मीरी पंडित एक्टिविस्ट राकेश हंडू को “गैरकानूनी गतिविधियां (UAPA) और साइबर-आतंकवाद के धाराओं में गिरफ्तार किया है. पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने कहा, “पुलिस को उनकी संलिप्तता के बारे में ठोस और गंभीर सुराग मिले हैं. उन पर UAPA (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, इस गिरफ्तारी के बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कथित गोदी मीडिया पर निशाना साधा.
इल्तिजा मुफ्ती ने अपनी पोस्ट में लिखा, इस साल की शुरुआत में, जब कश्मीरी पंडितों को जान से मारने की धमकियां मिली थीं, तो ‘गोदी मीडिया’ ने खुशी-खुशी कश्मीरी मुसलमानों की ओर इशारा करते हुए उन पर शक जताया था. आज पता चला है कि राकेश हंडू, जो खुद एक कश्मीरी पंडित हैं, ने कथित तौर पर अपने ही साथी कश्मीरी पंडितों को जान से मारने की धमकियां भेजी थीं. लेकिन कश्मीरी मुसलमानों को ‘आतंक-समर्थक’ के रूप में पेश करने और उनके बारे में गलत धारणाएं फैलाने के लिए कोई कभी माफी नहीं मांगेगा, क्योंकि यह जहरीला नैरेटिव बीजेपी को बढ़ावा देता है और ‘गोदी मीडिया’ को लोगों का ध्यान खींचने में मदद करता है.”
आरोपी राकेश हंडू कश्मीरी पंडितों के लिए एक्टिविजम करते हैं. उन पर आरोप है कि उन्होंने कश्मीर में काम कर रहे कश्मीरी पंडित कर्मचारी को धमकियां दी हैं. इस साल के अगस्त महीने में कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को मिली धमकियों के बाद कश्मीरी पंडित कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया था. प्रशासन ने धमकियों और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए कर्मचारियों को तीन सप्ताह तक के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया और उन्हें अपनी ड्यूटी से दूर रहेने के लिए कहा गया.
बता दें कि साल 2010 में केंद्र सरकार ने कश्मीर में कश्मीरी पंडितों के फिर से बसाने के लिए एक विशेष रोजगार योजना लाई. इस योजना के तहत 6,000 कश्मीरी पंडितों को सरकारी नौकरियां दी गई थीं. इस साल के जुलाई और अगस्त में कश्मीरी पंडितों के मिली धमकियों के बाद सुरक्षा बलों ने एक बड़ा अभियान चलाया और लगभग 3000 लोकल कश्मीरियों को ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) होने के शक में हिरासत में लिया.
गौरतलब है कि कश्मीरी पंडितों को धमकियां देने के सुराग मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कश्मीरी पंडित राकेश हंडू के खिलाफ बीते 21 सितंबर को FIR दर्ज की. इसके बाद राकेश हंडू को बारामूला में पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया था. सूत्रों का कहना है कि बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद, हांडू पुलिस के सामने पेश नहीं हुए. 17 अक्टूबर को, बारामूला की एक पुलिस टीम ने उन्हें हरियाणा के ग्रेटर फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया.
