Resolution Against Gyanesh Kumar: वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रियाओं में गड़बड़ी और धांधली को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. इस प्रक्रिया पर रोक लगाने और जांच कराने के लिए कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल इस मामले में पहले ही सुप्रीम कोर्ट का रुख कर चुके हैं. साथ ही सड़कों पर भी लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है. अब ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों में गुस्सा और बढ़ता जा रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव पारित किया गया है.
आम आदमी पार्टी (AAP) देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ मिलकर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है. ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पंजाब विधानसभा में पास किए गए इस रेजोल्यूशन अडॉप्ट को लेकर पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर इस देश के लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं. जितने भी विपक्षी दल हैं उनको एक एक करके खत्म करने की कोशिश की जा रही है. विपक्ष के वोट SIR के जरिए खत्म किया जा रहा है.”
उन्होंने कहा, “पंजाब की विधानसभा में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ एक रेजोल्यूशन अडॉप्ट किया गया है.” उन्होंने आगे कहा, “हमने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू करने की रिक्वेस्ट राष्ट्रपति को की है.” इससे पहले कई बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी सत्ता परिवर्तन होने के बाद ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवई करने की चेतावनी दे चुके हैं.
