UP MLC Election: उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर MLC चुनाव हो रहे हैं. इन 11 सीटों में से 5 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं. इस MLC चुनाव में कई सीटों पर धांधली की खबरें भी सामने आई हैं. वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता एस.टी. हसन ने MLC चुनाव को लेकर कहा, “कई जगहों, जैसे अलीगढ़, एटा में धांधली की खबरें आई हैं. वैसे तो भाजपा के घुट्टी में ही धांधली पिलाई गई है. लेकिन लोग निडर और निष्पक्ष तरीके से वोट कर रहे हैं.” नेता एस.टी. हसन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस चुनाव में समाजवादी पार्टी को सपोर्ट मिलेगा.
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव आयोग कि जिम्मेदरी है कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से हो और लोग निडर होकर वोट डाले. उन्होंने कहा कि इतिहास बताती है कि भाजपा धांधली करती है और वे करेंगे. लेकिन इस बार सब तैयार हैं, भाजपा से मुकाबला करने के लिए. बता दें कि इन सीटों पर सभी आम वोटर वोट नहीं दे सकते हैं. बल्कि 5 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सिर्फ वही लोग वोट करेंगे, जिन्होंने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की है और वह संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी हो और उसका नाम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज हो. वहीं, 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वही लोग वोट कर सकते हैं, जो कम से कम तीन सालों से सरकारी शिक्षक हो और वे संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य निवासी हों और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज हो.
UP विधानसभा चुनाव के लिए कितना तैयार है समाजवादी पार्टी, एस.टी. हसन ने किया बड़ा दावा
समाजवादी पार्टी के नेता एस.टी. हसन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनता त्रस्त हो गई है. सूबे में भ्रष्टाचार, बेईमानी, नाइंसाफी चरम सीमा पर है. उन्होंने कहा कि इन चीजों को लोग कब तक बर्दाश्त करेंगे. उन्होंने कहा कि जो हालात उत्तर प्रदेश के हैं, उस हिसाब से हमें नजर आ रहा है कि कल को क्या होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि अब देश में चुनाव होंगे तो, इंडिया गठबंधन की सरकार आने जा रही है. उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कहा कि हम और सूबे की जनता दोनों तैयार हैं. उन्होंने चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर कहा, “देखिए यह हमारे शीर्ष नेता तय करेंगे और वे जो तय करेंगे वह सर्वमान्य होगा.”
