Rahul Gandhi Slams BJP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली NDA की सरकार में मौजूद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आधार कार्ड की जगह वोटर आईडी कार्ड से लाभार्थियों को भुगतान करने वाले बयान के बाद राहुल गांधी ने सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने इसे सरकार की गहरी साजिश बताया है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है. इस दौरान वोटर लिस्ट से करोड़ों लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि वोटर लिस्ट से उन्हीं लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जो मोदी सरकार के खिलाफ में हैं. उन्होंने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ आधार कार्ड से नहीं बल्कि वोटर आईडी कार्ड से मिलेगा और वोटर आईडी कार्ड से मोदी के खिलाफ लोगों के नाम काटे जा रहे हैं. यानी मोदी के विरोध में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “कल जिसने भी ठाना कि BJP को हटाना है, तो चुन-चुन कर सबका नाम काटा जाएगा. नाम कटा – वोट गया. वोट गया – हक़ गया.” उन्होंने लिखा, “वोटर लिस्ट एक निष्पक्ष चुनाव आयोग के हाथ में होनी चाहिए – मगर अब वो मोदी सरकार के कर्मचारी, ज्ञानेश कुमार के हाथ में है, जिसकी BJP के साथ मिलीभगत में वोट चोरी हमने सबूत के साथ पकड़ी है. तैयारी है ऐसी लिस्ट बनाने की जिसमें बहुमत हमेशा BJP का हो – और अब वही लिस्ट तय करेगी कि आपको योजना का पैसा मिलेगा या नहीं.
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अपने कार्यालय के संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में सरकार आधार कार्ड की जगह वोटर आईडी कार्ड के नंबर से लाभार्थियों को भुगतान करेगी. इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरम हो चुका है. भाजपा सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर पहले ही वोटर लिस्ट से वोटरों के नाम गलत तरीके से हटाने का आरोप लग रहे थे. अब सरकार के मंत्री ने आधार कार्ड की जगह वोटर आईडी कार्ड के नंबर से लाभार्थीयों को भुगतान करने की बात कह दी है. इस बयान के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर ललन सिंह का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ललन सिंह आधार कार्ड की जगह वोटर आईडी कार्ड से लाभार्थियों को भुगतान करने की बात कर रहे हैं. इस वीडियो को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, मोदी सरकार के मंत्री का ऐलान – योजनाओं का लाभ अब आधार से नहीं, वोटर ID से तय होगा. साजिश बहुत गहरी है, इत्मीनान से समझिए. SIR के नाम पर करोड़ों नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं – रोका नहीं गया तो और भी काटे जाएंगे. ज़्यादातर नाम किनके? जो BJP के ख़िलाफ़ आक्रोश में हैं.”
उन्होंने लिखा, “देखते ही देखते आप एक hijacked लोकतंत्र के अदृश्य नागरिक बन जाएंगे – जहां जनता सरकार नहीं चुनेगी, सरकार अपनी जनता चुनेगी. आज पंचायती राज की योजनाएं. कल राशन? पेंशन? मनरेगा? आवास? छात्रवृत्ति? आरक्षण? यह चुनाव जीतने की राजनीति नहीं, चुनाव चोरी का इंतज़ाम और सत्ता में बने रहने का स्थायी बंदोबस्त है. वोट देना आपका अधिकार है, शर्त नहीं. किसी ग़रीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड की ग़ुलाम नहीं हो सकती. ये सिर्फ़ वोट चोरी नहीं – ये हक़ चोरी है. हम ये होने नहीं देंगे.”
