Cyber Attack On SBI: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) पर हैकर्स ने साइबर अटैक करके 3,897 ग्राहकों के निजी जानकारी चुरा ली और उन जानकारियों को डार्क वेब पर लीक कर दिया. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में बताया कि उसे शक है कि डार्क वेब पर 3,897 ग्राहकों के ऐसे रिकॉर्ड सामने आए हैं, जिनमें उनकी निजी पहचान से जुड़ी जानकारी (PIF) शामिल है.
लीक हुई जानकारी में ग्राहकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नाम, लिंग, ईमेल एड्रेस और घर का पता शामिल है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने इस बात की पुष्टि की कि साइबर घटना के कारण हैकर्स की पहुंच ग्राहकों की निजी जानकारी तक हो गई है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को डार्क वेब पर लीक 3,75,000 रिकॉर्ड्स मिले है. इन रिकॉर्ड्स की शुरुआती जांच में 3,897 ऐसे ग्राहकों के रिकॉर्ड मिले हैं, जिनमें उनकी निजी पहचान से जुड़ी जानकारी शामिल है.
हालांकि, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने यह साफ किया कि इस घटना से उसके मुख्य कामकाज, वित्तीय प्रदर्शन या बिजनेस की निरंतरता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. SBI के मुताबिक उसे बीते 16 अक्टूबर को ‘थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस प्रोवाइडर’, ‘डिफेंस साइबर एजेंसी’ और ‘इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम’की तरफ से ग्राहकों के डाटा लीक होने की आशंका को लेकर अलर्ट मिला था. SBI ने कहा कि 3,897 ग्राहकों के इन रिकॉर्ड्स की जांच जारी है और इस दौरान बैंक नियमों के अनुसार उचित कदम उठाएगा.
