Uttar Pradesh News: नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है. कस्बे के मोहल्ला पूरब थोक, पटियाली रोड पर चेयरमैन हाजी मुनव्वर हुसैन की कोठी के पास स्थित नाले वाली गली में प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि जब संबंधित गली पहले से सीमेंटेड बनी हुई है, जिसमें जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, नगर पालिका द्वारा पहले से निर्मित सीमेंटेड गली पर इंटरलॉकिंग कराने की तैयारी की जा रही है. इसको लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराज़गी है। उनका कहना है कि गली पहले से सीमेंटेड है तो पुनः निर्माण कार्य भी सीमेंटेड ही होना चाहिए। इन सवालों का जवाब संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से देना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की शंका या भ्रम की स्थिति न बने.
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना होना चाहिए, न कि केवल निर्माण कार्यों की संख्या बढ़ाना. यदि किसी सड़क या गली की स्थिति संतोषजनक नहीं है, कोई समस्या है, तो उसका समाधान स्पष्ट योजना और तकनीकी मानकों के अनुसार किया जाना चाहिए.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये मामला नगर पालिका के अधिकारियों के संज्ञान में पहले ही ला दिया गया था, लेकिन अब तक उनकी शिकायतों का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है. लोगों का कहना है कि शिकायत करने के बावजूद उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही कि संबंधित गली पर इंटरलॉकिंग कराने का निर्णय किस आधार पर लिया गया है? यदि किसी निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र की जनता आपत्ति जता रही है, तो नगर पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह उनकी बात सुने, स्थल का निरीक्षण कराए और तथ्यों के आधार पर निर्णय ले.
लोगों की माँग है कि प्रस्तावित इंटरलॉकिंग कार्य से संबंधित प्रशासनिक स्वीकृति, तकनीकी स्वीकृति, अनुमानित लागत, टेंडर, कार्यादेश और निर्माण की आवश्यकता से जुड़े दस्तावेजों की जाँच की जाए। यह भी स्पष्ट किया जाए कि संबंधित गली की वर्तमान स्थिति का कोई तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया है या नहीं.
पूरब थोक की यह गली केवल एक उदाहरण है. कस्बे में सड़क निर्माण और मरम्मत, नालियों की सफाई, नियमित स्वच्छता व्यवस्था तथा रात के समय स्ट्रीट लाइट की उपलब्धता जैसे बुनियादी मुद्दों पर भी नागरिकों की अपेक्षाएँ हैं. लोगों का आरोप है कि इन सुविधाओं को लेकर कई क्षेत्रों में असंतोष है और नगर पालिका को जनता की समस्याओं पर अधिक गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है.
नगर पालिका प्रशासन से अपेक्षा की जाती है कि वह सभी वार्डों में नागरिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करे और आवश्यकतानुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए। जिन क्षेत्रों में सड़कें खराब हैं, नालियाँ अवरुद्ध हैं या स्ट्रीट लाइटें काम नहीं कर रही हैं, वहाँ समय रहते कार्रवाई की जानी चाहिए.
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाता रहा है. ऐसे में स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली भी उतनी ही महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि आम नागरिकों का सीधा संपर्क नगर पालिका जैसी संस्थाओं से होता है.
यदि किसी स्थानीय निकाय के कार्यों को लेकर नागरिक सवाल उठा रहे हैं, तो उन सवालों को केवल विरोध समझकर खारिज नहीं किया जाना चाहिए. उनकी जाँच कर तथ्यों के आधार पर समाधान निकालना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली से ही सरकार की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सकता है.
