Dhirendra Shastri Controversy: बागेश्वर धाम के पुजारी पंडित धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह हिंदू धर्म के दो भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बीच अपमानजनक तरीके से तुलना कर रहे हैं. शास्त्री ने राम को कृष्ण से ज्यादा ताकतवर दर्शाने की कोशिश की. इस बयान के वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. हालांकि शास्त्री ने इस बयान को लेकर तुरंत सफाई दी और कहा कि उन्होंने अपने श्रद्धा भाव से ये बातें कही हैं. उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की महिलाएं तो भगवान को उलाहना भी देती है. वहीं, इस बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पूरी तरह भड़क गए हैं और शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही लोगों से इनके कार्यक्रमों का बहिष्कार करने की अपील की है.
अखिलेश यादव बीते सोमवार से अब तक सोशल मीडिया पर शास्त्री के खिलाफ कई पोस्ट कर चुके हैं. उन्होंने सोमवार को एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि मानवीय भूलों के लिए तो क्षमा किया जा सकता है, ‘ईशनिंदा’ के लिए कभी नहीं. उन्होंने आगे लिखा कि ऐसे दुष्मुखी लोगों पर आजीवन प्रतिबंध लगाना ही समाज के लिए श्रेयस्कर है. पूरे देश में इनके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं, नई अनुमति नहीं दी जाए और सार्वजनिक जीवन में हर सच्चा सनातनी इनका पूर्ण बहिष्कार करे, यही इनके अक्षम्य पाप का दंड होना चाहिए, नहीं तो वो भी ईशनिंदा के पाप का भागी बनकर अपना लोक-परलोक बिगाड़ लेगा.
उन्होंने आगे लिखा कि अगर दुर्भावना से भरा ऐसा व्यक्ति जीवन भर भी एकांतवास करके अपने किये का पश्चाताप और प्रायश्चित करेगा तो भी कोई भी धर्म प्रधान आस्थावान उसे माफ़ नहीं करेगा. मनुष्य का दंभ इतना भी नहीं होना चाहिए कि वो अपने को ईश्वर से ऊपर समझने लगे.
