Uttar Pradesh News: हाल ही में उत्तर प्रदेश में शिक्षक, स्नातक MLC चुनाव का नतीजा आया, जिसमें समाजवादी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया. समाजवादी पार्टी ने 11 सीटों में से 5 पर जीत दर्ज की और हैरानी की बात यह है कि समाजवादी पार्टी ने भाजपा के गढ़ वाराणसी के दोनों सीटों पर बुरी तरह हराया. वाराणसी के दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों को जीत मिलने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज (3 नवंबर) को वाराणसी पहुंचे और मतदाताओं, अपने समर्थकों का धन्यवाद किया. इसके साथ ही अखिलेश यादव ने इन दोनों सीटों पर भाजपा के हार को लेकर तंज कसा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन (भाजपा सरकार) को डबल हार मिली है, उन्हें डबल जीरो मिला है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए वाराणसी के दोनों सीटों पर सपा के उम्मीदवार को जीत मिलने पर खुशी जतई और कहा कि बाबा विश्वनाथ ने सपा उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव को जिताया. उन्होंने आगे कहा कि बाबा विश्वनाथ ने सपा को दोहरा आशीर्वाद दिया है. उन्होंने कहा कि यह अहंकार नहीं है, लेकिन डबल इंजन को डबल हार मिली है और उन्हें डबल जीरो मिला है.
उन्होंने भाजपा द्वारा मणिकर्णिका घाट पर कथित बुलडोजर कार्रवाई करने और ऐतिहासिक मूर्तियां खंडित करने का मुद्दा उठाया. उन्होंने भाजपा को वाराणसी MLC सीटों पर मिली हार के कारण बताते हुए कहा कि ऐसा हुआ क्यों? क्योंकि, जिस तरह से मणिकर्णिका घाट से लेकर पाल समाज पर इन्होंने जिस तरह लाठियां चलाईं, वह सबको याद है. यहां की संस्कृति और विरासत को भी मिटाने की कोशिश की गई, जिसका जवाब बीजेपी को मिला है.
गौरतलब है कि साल 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसको लेकर उत्तर प्रदेश में अलग-अलग पार्टियों के नेताओं की रैलियां अभी से शुरू हो चुकी है. समाजवादी पार्टी काफी एक्टिव दिख रही है और MLC चुनाव में 5 सीटों पर जीत के बाद सपा के लीडर और कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ चुका है. MLC चुनाव के परिणाम के बाद यूपी में केंद्रीय गृह मंत्री अमिता शाह ने दौरा किया. उन्होंने इस दौरान एक भाषण दिया, जिसमें कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार अंगद के पैर की तरह है। इसे कोई हिला नहीं सकता। बीजेपी फिर से सरकार बनाने जा रही है, इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए.
